छत्तीसगढजनसंपर्क छत्तीसगढ़

’स्वस्थ मातृत्व और सुपोषित शिशु का संकल्प, गर्भवती माताओं की गोदभराई कर बांटी पोषण की खुशियां’….

रायपुर: जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर धमतरी जिले के ग्राम दुगली में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में मातृत्व के सम्मान, पोषण और स्वास्थ्य जागरूकता की अनूठी झलक देखने को मिली। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित गोदभराई कार्यक्रम में गर्भवती माताओं को पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सम्मानित कर उनके स्वस्थ एवं सुरक्षित मातृत्व की मंगलकामना की गई। इस अवसर पर प्रदेश के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री श्री टंक राम वर्मा और लोकसभा सांसद श्री भोजराज नाग सहित अन्य अतिथियों ने पांच गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कर उन्हें पोषण बास्केट भेंट की।

कार्यक्रम में पारंपरिक गोदभराई की रस्म के माध्यम से मातृत्व के प्रति सम्मान और अपनत्व का संदेश दिया गया। गर्भवती महिलाओं को पोषण बास्केट प्रदान करने के साथ ही गर्भावस्था के दौरान पौष्टिक एवं संतुलित भोजन, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और आवश्यक देखभाल के महत्व से अवगत कराया गया। इस पहल ने सामाजिक परंपराओं के साथ स्वास्थ्य जागरूकता को जोड़ते हुए स्वस्थ मां और सुपोषित शिशु के संकल्प को साकार करने का संदेश दिया।

’स्वस्थ मातृत्व और सुपोषित शिशु का संकल्प, गर्भवती माताओं की गोदभराई कर बांटी पोषण की खुशियां’

इस अवसर पर गर्भवती महिलाओं को बताया गया कि गर्भावस्था के दौरान उचित पोषण का विशेष महत्व है। भोजन में पर्याप्त मात्रा में प्रोटीन, आयरन, कैल्शियम, विटामिन और अन्य आवश्यक पोषक तत्वों का समावेश मां के स्वास्थ्य तथा गर्भस्थ शिशु के समुचित विकास के लिए जरूरी है। इसके साथ ही नियमित स्वास्थ्य जांच, निर्धारित टीकाकरण, स्वच्छता और चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार आवश्यक देखभाल अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा कार्यक्रम के दौरान मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण तथा विभागीय योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई। महिलाओं को उपलब्ध स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं का लाभ लेने तथा परिवार के सदस्यों को भी गर्भवती माताओं की उचित देखभाल में सक्रिय सहयोग देने का संदेश दिया गया।

जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम सामाजिक परंपराओं के संरक्षण के साथ मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का सार्थक माध्यम बना। गोदभराई की रस्म ने जहां गर्भवती महिलाओं के प्रति सम्मान और आत्मीयता का भाव प्रकट किया, वहीं पोषण बास्केट वितरण के माध्यम से स्वस्थ मातृत्व, सुरक्षित गर्भावस्था और सुपोषित भावी पीढ़ी के निर्माण का महत्वपूर्ण संदेश भी दिया।

Related Articles

Back to top button