मध्यप्रदेश

Visa Camp Indore: विदेश की उड़ान को पंख देगा इंदौर, अब हर सप्ताह मिलेगी फ्रांस और डेनमार्क के वीजा की सुविधा

इंदौर, 20 मार्च। Visa Camp Indore : इमर्जिंग सिटी इंदौर एयर ट्रैवल के मामले में देश के नक्शे पर तेजी से उभर रही है। यहां से विदेश जाने वाले यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। यही कारण है कि अब वीजा की सुविधा भी यहीं मिलने लगी है। समय-समय पर ट्रैवल एजेंटों द्वारा वीजा के लिए बायोमीट्रिक सत्यापन के लिए इंदौर में कैंप लगाया जाता रहा है लेकिन वह इस सुविधा में बढ़ोतरी होने जा रही है।

शहर से विदेश जाने वाले यात्रियों को अब अपने बायोमीट्रिक सत्यापन के लिए मुंबई और दिल्ली के दूतावास जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। शहर की कुछ ट्रैवल एजेंसियां इसकी सुविधा इंदौर में ही उपलब्ध करवा रही हैं। शहर की एक ट्रैवल एजेंसी ने अब हर बुधवार को यह सुविधा इंदौर में ही देने की व्यवस्था की है। जिसमें स्विट्जरलैंड, यूके, डेनमार्क, फ्रांस के लिए हर सप्ताह कैंप लगेंगे। पहले भी समय-समय पर इंदौर में वीजा कैंप लगते रहते हैं, लेकिन अब हर सप्ताह ऐसे कैंप लगेंगे।

जानकारी के अनुसार अमेरिका और कनाडा जाने वाले यात्रियों को बायोमीट्रिक सत्यापन कराने के लिए अनिवार्य रूप से मुंबई-दिल्ली के दूतावास जाना होता है। अब यूरोप और फ्रांस जाने वालों के लिए यह सुविधा इंदौर में ही मिल रही है। कोरोना काल के पहले ही इसकी शुरुआत हो चुकी है। ट्रैवल एजेंट एसोसिएशन आफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष हेमेंद्र सिंह जादौन ने बताया कि शहर में कई प्रमुख ट्रैवल एजेंट इस तरह के कैंप इंदौर में लगाते हैं जिससे यात्रियों को काफी सुविधा हो जाती है। यात्री संख्या अधिक होने पर हम लोग दूतावास से संपर्क कर बायोमीट्रिक सत्यापन के लिए टीम को यहीं बुलवा लेते हैं। इससे यात्रियों को दो फायदे होते हैं। पहले इसी काम के लिए लिए यात्रियों को दिल्ली या मुंबई जाना होता था, लेकिन उनका वहां आने-जाने का खर्च और समय बच जाता है।

naidunia

पर्यटन उद्योग बूम पर

विजय नगर में स्थित एक ट्रैवल एजेंसी की डायरेक्टर भावना जादौन बताती हैं चूंकि कोरोनाकाल के बाद अब पर्यटन उद्योग बूम पर है। इंदौर से हजारों यात्री लगातार बाहर जा रहे हैं। इसलिए अब हमने हर बुधवार को यह वीजा बायोमीट्रिक सत्यापन कैंप लगाने का निर्णय लिया है। गर्मी के आते ही दुबई जाने वाले यात्रियों की संख्या कम हो गई है। अब यात्री यूरोपीय देश जाना अधिक पसंद कर रहे हैं। प्रदेश में सबसे अधिक यात्री इंदौर से ही विदेश जाते हैं।

कई देशों में आन अराइवल वीजा की सुविधा

ट्रैवल एजेंटों से मिली जानकारी के अनुसार अमेरिका और कनाडा जाने के लिए दूतावास में जाना जरूरी है। उनकी वीजा औपचारिकताएं वहीं पर होती हैं। इसके अलावा यूरोपीय देशों में जाने के लिए इंदौर में ही शिविर लगाए जा रहे हैं। इसमें बायोमीट्रिक सत्यापन हो जाता है। इंदौर से सबसे अधिक लोग दुबई जाते हैं। जिसके लिए हर सप्ताह उड़ान जाती है। यहां जाने वाले यात्रियों को बायोमीट्रिक सत्यापन की जरूरत नहीं होती है। इसके लिए यात्रियों को आनलाइन वीजा मिल जाता है। वहीं थाइलैंड जाने वाले यात्रियों को आनलाइन के साथ आन अराइवल वीजा की सुविधा भी मिल जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button