छत्तीसगढ

CM Trophy Football Championship : खरोरा में मुख्यमंत्री की बड़ी घोषणा…! स्थानीय लोगों के खिले चेहरे…यहां देखें

रायपुर, 13 जनवरी। CM Trophy Football Championship : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज रायपुर जिले के खरोरा में आयोजित सीएम ट्रॉफी ऑल इंडिया फुटबॉल चैंपियनशिप के भव्य समापन समारोह के अवसर पर क्षेत्रवासियों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की। मुख्यमंत्री ने समोदा बैराज के निर्माण कार्य में तेजी लाने, खरोरा में बायपास रोड और गौरव पथ के निर्माण की घोषणा की।

समोदा बैराज, बायपास रोड और गौरव पथ का निर्माण

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि खरोरा जैसे क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजन का होना गर्व की बात है और इससे स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों से आई टीमों का स्वागत किया तथा छत्तीसगढ़ के नारायणपुर स्थित रामकृष्ण मिशन टीम को विजेता बनने पर बधाई दी। उपविजेता रही पीएफसी केरल की टीम को भी उन्होंने भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दूरस्थ और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में रामकृष्ण मिशन द्वारा सामाजिक, शैक्षणिक और खेल विकास के क्षेत्र में किए जा रहे कार्य सराहनीय हैं। उन्होंने बताया कि धरसीवां विधानसभा क्षेत्र में पिछले दो वर्षों में लगभग 400 करोड़ रुपये के विकास कार्य किए गए हैं। इसके लिए विधायक अनुज शर्मा के प्रयासों की सराहना की।

खरोरा में खेल और विकास का उत्सव

उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार खेलों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। खेल अलंकरण समारोह को पुनः शुरू किया गया है, और गांव-गांव से खेल प्रतिभाओं को निखारने का कार्य किया जा रहा है। ‘खेलो इंडिया’ योजना के अंतर्गत आवश्यकतानुसार खेल मैदानों का निर्माण कराया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बस्तर ओलंपिक की शुरुआत का भी उल्लेख किया और बताया कि पिछले वर्ष से प्रतिभागियों की संख्या दोगुनी हो गई है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों का आयोजन लगातार हो रहा है और आईपीएल के दो मैच आयोजित किए जाने की योजना भी चर्चा में है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने विजेता और उपविजेता दोनों टीमों को बधाई दी और लगातार परिश्रम की प्रेरणा दी। विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि यह सीएम ट्रॉफी का पांचवां संस्करण है और अब इसे स्थायी रूप से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नाम से आयोजित किया जाएगा।

विजेता खिलाड़ियों को एक लाख रुपये की राशि और सीएम ट्रॉफी प्रदान की गई। अन्य खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। समारोह में अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित थे।

About The Author

Related Articles

Back to top button