छत्तीसगढ

Dharsiwa Assembly : बरौदा गांव में बालिका छात्रावास भवन का लोकार्पण…! विधायक पद्मश्री अनुज शर्मा ने किया शिलान्यास

धरसींवा, 08 जून। Dharsiwa Assembly : ग्राम बरौदा में आज सदगुरु कबीर प्राकट्य उत्सव के पावन अवसर पर एक महत्वपूर्ण पहल के तहत बालिका छात्रावास भवन का लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह सम्पन्न हुआ। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक एवं पद्मश्री सम्मानित श्री अनुज शर्मा रहे, जिन्होंने अपने करकमलों से छात्रावास भवन का लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों को समर्पित किया।

समारोह को संबोधित करते हुए श्री अनुज शर्मा ने कहा कि यह छात्रावास आसपास के क्षेत्रों की बेटियों के लिए शिक्षा की राह को सरल और सुरक्षित बनाएगा। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार बेटियों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है, विशेष रूप से उन छात्राओं के लिए जो दूर-दराज़ के गांवों से आती हैं या आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि से हैं।

विधायक शर्मा ने कहा, “इस छात्रावास से बेटियों को स्कूल की दूरी, वित्तीय कठिनाइयों और सामाजिक बाधाओं से राहत मिलेगी। यह न केवल उन्हें एक सुरक्षित वातावरण प्रदान करेगा, बल्कि आत्मनिर्भरता, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का भी अवसर देगा। साथ ही, छात्राओं को आत्म-सुरक्षा का प्रशिक्षण भी मिलेगा जो उन्हें सशक्त और आत्मविश्वासी बनाएगा।”

इस महत्वपूर्ण अवसर पर श्री शर्मा ने समस्त क्षेत्रवासियों और बालिकाओं को शुभकामनाएं देते हुए आशा जताई कि यह पहल आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को उज्ज्वल बनाएगी।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में नवीन अग्रवाल, सविता चंद्राकर, सुरेंद्र वर्मा, शकुंतला ढिलेन्द्र सेन, श्री दिनेश खुटे सहित बड़ी संख्या में स्थानीयजन, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में जनभागीदारी और उत्साह देखने लायक था।

Related Articles

Back to top button