छत्तीसगढ

MLA Dr. Sampat Aggarwal : विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने संकल्प से सिद्धि कार्यशाला में रखे विचार, विकास के नए आयामों पर जोर, संकल्प से सिद्धि कार्यशाला, विधायक डॉ. संपत अग्रवाल बोले-प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व भारत को नई ऊँचाइयों तक ले जा रहा है

रायपुर/बसना, 08 जून। MLA Dr. Sampat Aggarwal : भारतीय जनता पार्टी द्वारा पूरे देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के 11 वर्षों की ऐतिहासिक उपलब्धियों को ‘संकल्प से सिद्धि’ पखवाड़ा के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में महासमुंद जिले में भाजपा कार्यालय में एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें केंद्र सरकार की नीतियों और योजनाओं के व्यापक प्रभाव पर चर्चा की गई।

विधायक डॉ. संपत अग्रवाल का नेतृत्व और विचार

कार्यशाला में बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने अपने विचार रखते हुए कहा कि यह कार्यशाला सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है, जिससे वे केंद्र सरकार की ऐतिहासिक योजनाओं को बूथ स्तर तक पहुंचाने में अपनी भूमिका निभा सकें। उन्होंने कहा कि ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने संकल्प से सिद्धि की दिशा में हर चुनौती को पार करते हुए विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है। अनुच्छेद 370 हटाने से लेकर अयोध्या में श्री राम मंदिर निर्माण तक, हर संकल्प को भाजपा ने सिद्ध किया है।’’

विधायक डॉ.अग्रवाल ने यह भी उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कठिनाइयों को स्वीकार कर भारत को विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित करने का बीड़ा उठाया, जिसके परिणामस्वरूप आज भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनकर उभर रहा है। उन्होंने कहा कि ‘‘प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत न केवल आर्थिक, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से भी सशक्त हुआ है। आज देश आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है।’’

जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रभावशीलता

विधायक डॉ. अग्रवाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने देश के गरीब और वंचित वर्ग को सीधा लाभ पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण भारत की तस्वीर इन योजनाओं के माध्यम से बदली है, और केंद्र सरकार के दूरदर्शी नेतृत्व के कारण हर नागरिक को एक सशक्त भारत की अनुभूति हो रही है।

उन्होंने भाजपा संगठन के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि ‘भाजपा का हर कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण के संकल्प का सशक्त वाहक है। हमें बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित कर यह सुनिश्चित करना होगा कि सरकार की प्रत्येक योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।’’

कार्यशाला में प्रमुख नेताओं की सहभागिता

इस अवसर पर महासमुंद सांसद रूप कुमारी चौधरी, छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य लक्ष्मी वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष येतराम साहू, पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष मोंगरा पटेल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर, वरिष्ठ नेता प्रेमशंकर पटेल, महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष अल्का चंद्राकर, पिछड़ा वर्ग मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राकेश चंद्राकर, पूर्व विधायक प्रीतम सिंह दीवान सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यकर्ताओं का उत्साह और भविष्य की रणनीति

कार्यशाला का संचालन जिला संयोजक राहुल चंद्राकर ने किया। इस कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह और एकजुटता देखने को मिली। वक्ताओं के प्रेरक संबोधनों ने संगठन की जड़ों को और अधिक मजबूत किया तथा कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे आगामी चुनावों में पार्टी को विजयश्री दिलाने के लिए तन-मन-धन से समर्पित होकर कार्य करेंगे।

यह कार्यशाला महासमुंद जिले के राजनीतिक और सामाजिक परिदृश्य में एक महत्वपूर्ण संदेश के रूप में उभरी। भाजपा के कार्यकर्ता संकल्प से सिद्धि की दिशा में पूरी ऊर्जा और प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ते नजर आए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button